मध्य प्रदेश
07 May, 2026

विदिशा में रिकॉर्ड रूम डिजिटाइजेशन की सराहना, संभागायुक्त ने किया निरीक्षण

विदिशा कलेक्ट्रेट में आधुनिक रिकॉर्ड रूम के डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण कर संभागायुक्त ने इसे पारदर्शी और प्रभावी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

विदिशा, 07 मई।

भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह ने गुरुवार को विदिशा जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर आधुनिक रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया और वहां चल रहे अभिलेखों के डिजिटाइजेशन एवं सुव्यवस्थित संधारण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने किए जा रहे नवाचारों और डिजिटल प्रबंधन प्रणाली की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने रिकॉर्ड प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुधार कार्यों की जानकारी दी। वहीं संयुक्त कलेक्टर एवं रिकॉर्ड रूम प्रभारी निकिता तिवारी ने अभिलेखों के सुरक्षित संरक्षण, डिजिटाइजेशन प्रक्रिया और ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था से अवगत कराया।

संभागायुक्त ने कहा कि अभिलेखों का वैज्ञानिक तरीके से डिजिटाइजेशन प्रशासनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल से नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता में आसानी होगी और कार्यप्रणाली में गति आएगी।

जानकारी के अनुसार सितंबर 2025 से जिला अभिलेखागार में सुरक्षित सभी अभिलेखों का डिजिटाइजेशन कार्य प्रारंभ किया गया है। प्रथम चरण में नामांतरण पंजी, खसरा, किश्तबंदी, क-पत्रक, बंदोबस्त और अन्य राजस्व रिकॉर्ड को व्यवस्थित कर डिजिटल रूप में संधारित किया गया है।

पुराने अभिलेखों को स्थानांतरित कर कलेक्ट्रेट के कंपोजिट भवन में सुरक्षित रखा गया है, जबकि राजस्व न्यायालयों से प्राप्त प्रकरणों का संधारण नवीन डिजिटल अभिलेखागार भवन में किया जा रहा है। इस कार्य के लिए लगभग 30 कर्मचारियों की सात टीमों का गठन किया गया है, जो रिकॉर्ड छंटाई, पैकिंग और सुरक्षित भंडारण का कार्य कर रही हैं।

इसके अलावा भूमि स्वामियों और किसानों की सुविधा के लिए एक वेबसाइट भी विकसित की गई है, जहां डिजिटल अभिलेखों का ऑनलाइन अवलोकन किया जा सकता है। तहसील स्तर पर हजारों प्रकरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि भी पूरी की जा चुकी है, जबकि अन्य पर कार्य जारी है।

प्रशासन द्वारा डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कियोस्क सेवा केंद्र की स्थापना भी की जा रही है, जिससे नागरिकों को दस्तावेज प्राप्त करने में आसानी हो सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़