अपराध
15 May, 2026

जयपुर में रिटायर्ड दंपती को विला में बंधक बनाकर 47.90 लाख की फिरौती

जयपुर में रिटायर्ड बैंकर दंपती को विला में बंधक बनाकर मारपीट और धमकी के जरिए लगभग 48 लाख रुपये की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया, पुलिस ने जांच शुरू की।

जयपुर, 15 मई।

भांकरोटा थाना क्षेत्र में रिटायर्ड बैंकर और उनकी पत्नी को विला में बंधक बनाकर करीब 47.90 लाख रुपये की फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेल्ट, चाकू और रिवाल्वर के बल पर बुजुर्ग दंपती से यह रकम ऐंठी गई, जिसके बाद पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से मुक्त होकर पुलिस तक पहुंचे।

जानकारी के अनुसार वैशाली नगर निवासी 66 वर्षीय महिला और उनके 67 वर्षीय 67 वर्षीय पति, जो सेवानिवृत्त बैंकर हैं, अपना मकान बेचने के लिए प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान 4 फरवरी 2026 को उन्होंने एक प्रॉपर्टी वेबसाइट पर विज्ञापन डाला था। इसके बाद ‘अखिल अग्रवाल’ नामक व्यक्ति खरीदार बनकर उनसे संपर्क में आया और बातचीत के दौरान भरोसा जीतकर उन्हें डील फाइनल करने के बहाने अपने साथ ले गया।

आरोप है कि 2 मई को वह दंपती को अपनी कार से भांकरोटा स्थित एक विला में ले गया, जहां पहले से ही चार से पांच बदमाश मौजूद थे। वहां पहुंचते ही दोनों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने मोबाइल, चेकबुक, सोने के जेवर और घर की चाबियां छीनकर रिश्तेदारों और परिचितों से पैसे मंगवाने का दबाव बनाया।

दबाव में आकर बुजुर्ग महिला ने अपने रिश्तेदारों और पूर्व स्टाफ से संपर्क कर 47.90 लाख रुपये जुटाए, जिसे आरोपियों ने हड़प लिया। इसके बाद 6 मई को दोनों को डराकर टैक्सी से दिल्ली एयरपोर्ट भेज दिया गया और वहां से अहमदाबाद की फ्लाइट का टिकट थमा दिया गया। भय के कारण दंपती कुछ दिनों तक अहमदाबाद में छिपे रहे, बाद में हिम्मत जुटाकर जयपुर लौटे और पूरी घटना पुलिस को बताई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे सुनियोजित साजिश माना जा रहा है, जिसमें प्रॉपर्टी वेबसाइट के जरिए जानकारी जुटाकर बुजुर्गों को निशाना बनाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़