तमिलनाडु, 10 अप्रैल 2026।
तमिलनाडु विधानसभा के आम चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए केंद्रीय पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्तों डॉ. एस.एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ राज्य में तैनात पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की। राज्य में मतदान 23 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में तमिलनाडु के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित कुल 326 केंद्रीय पर्यवेक्षकों और विशेष व्यय पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इनमें 234 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 136 सामान्य पर्यवेक्षक, 40 पुलिस पर्यवेक्षक और 150 व्यय पर्यवेक्षक शामिल हैं।
आयोग ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या हिंसा से मुक्त मतदान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन और उल्लंघन के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पर्यवेक्षकों से कहा गया कि वे अपने संपर्क विवरण और शिकायत निवारण के स्थान व समय को सार्वजनिक करें, ताकि आम नागरिक, राजनीतिक दल और उम्मीदवार आसानी से अपनी समस्याएं रख सकें। इसके साथ ही मतदान से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, जिसमें मतदान प्रतिशत की समय पर जानकारी दर्ज करना, अमिट स्याही का सही उपयोग और आवश्यक प्रपत्रों का सही तरीके से भरना शामिल है।
निर्देशों में यह भी कहा गया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसमें मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था, मतदाताओं के लिए बैठने की सुविधा, पर्याप्त पेयजल और गर्मी से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा वेबकास्टिंग मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की जांच कर वहां तैनात कर्मचारियों को पूरी तरह प्रशिक्षित रखने पर भी बल दिया गया।







_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)