सीवान, 06 मई
सीवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में बारात में शामिल होने के बाद छह दिनों से लापता एक युवक का शव सारण जिले में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शव की शिनाख्त परिजनों ने कर ली है, जिसके बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान महाराष्ट्र के सांगली जिले के आरपाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरडवाड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय राहुल तुकाराम कोलेकर के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग दो वर्षों से महाराजगंज बाजार के काजी बाजार स्थित आनंद भवन मार्केट में सोना-चांदी के गलाई-पकाई का काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को राहुल एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए नखास चौक स्थित मां सर्राफा गेस्ट हाउस गया था। वह वहां देर रात करीब तीन बजे तक मौजूद था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया और वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने 4 मई को महाराजगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भाई ने बताया कि राहुल का मोबाइल फोन बंद था और उसकी मोटरसाइकिल भी गायब थी। साथ ही उसकी दुकान भी 30 अप्रैल से बंद पाई गई थी, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई थी।
इसी बीच तीन दिन पहले सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के बाल नवादा गांव के चवर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। बाद में परिजनों ने शव की पहचान राहुल कोलेकर के रूप में की।
शव मिलने की सूचना के बाद महाराजगंज क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश भी फैल गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शव की पहचान परिजनों द्वारा कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।
फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है।








.jpg)




