अपराध
12 May, 2026

दुकान में घुसकर हमला, तलवार-लाठियों से बरपा कहर

सिरमौर के कोलर गांव में पुरानी रंजिश के चलते दुकान में घुसकर तलवार और लाठियों से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया।

नाहन, 12 मई।

सिरमौर जिले के माजरा थाना क्षेत्र के कोलर गांव में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। घर के पास बनी दुकान में घुसकर कुछ लोगों ने तलवार और लाठियों से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना में नामजद तीन लोगों समेत 5 से 6 आरोपियों को आरोपित बनाया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक कोलर गांव निवासी विशाल कुंडलस ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 9 मई को एक डंपर चालक और उसके पिता के बीच घर के समीप किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

बताया गया कि 11 मई की रात विशाल अपने चचेरे भाई प्रवीण के साथ घर में बनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर 5 से 6 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी लोगों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे और दुकान के भीतर घुसते ही लाठियों व तलवार से हमला शुरू कर दिया।

हमले की आवाज सुनकर जब शिकायतकर्ता के पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो में बैठकर नाहन की दिशा में फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने तीन लोगों की पहचान दीपक, रमन और विक्की के रूप में होने की बात कही है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को हिरासत में ले लिया है। घटना में उपयोग की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई है। अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़