भुवनेश्वर, 08 जून ।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का हेलीकॉप्टर सोमवार को खराब मौसम के कारण निर्धारित मार्ग पर भुवनेश्वर में लैंडिंग नहीं कर सका, जिसके चलते उसे एहतियातन पुरी में सुरक्षित रूप से उतारना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मयूरभंज जिले में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भुवनेश्वर लौट रहे थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ने से उड़ान संचालन प्रभावित हो गया।
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को भुवनेश्वर की बजाय पुरी की ओर मोड़ दिया, जहां समंगा अस्थायी बस स्टैंड परिसर में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
अचानक हुई इस लैंडिंग के बाद स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया और आवश्यक व्यवस्थाएं तुरंत सुनिश्चित की गईं।
अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय पूरी तरह एहतियातन लिया गया था और इस दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।
मुख्यमंत्री की आगे की यात्रा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।














