भोपाल, 16 जुलाई।
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और जनहित से जुड़े विषय सुने। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं की ओर से रखी गई जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मामले पर गंभीरता से कार्रवाई होगी, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।














