जयपुर, 17 जुलाई।
राजधानी जयपुर में अवैध हथियारों और गोला-बारूद के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक आरोपित को बड़ी मात्रा में कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ईस्ट और ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपित के कब्जे से 17 जिंदा कारतूस और 41 खाली कारतूस (खोखे) बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल के निर्देशन में खुफिया सूचना के आधार पर ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपित वीरेंद्र को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कारतूसों की खेप जयपुर में सप्लाई करने या किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल करने की तैयारी में था।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कारतूस हरियाणा से लेकर आया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि हरियाणा में अपने एक साथी के साथ 41 राउंड हवाई फायर किए थे, जिनके खाली खोखे भी उसके पास से बरामद हुए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित को इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस कहां से मिले और जयपुर में इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में डीएसटी ईस्ट के कांस्टेबल धर्मेंद्र, देवेंद्र और जितेंद्र की विशेष भूमिका रही। साथ ही आरोपित के नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।














