सरकार व नीतियाँ
17 Jul, 2026

विक्रमोत्सव 2026 को मिला बीटा अवॉर्ड्स का गोल्ड सम्मान

विक्रमोत्सव 2026 को गवर्नमेंट इवेंट ऑफ द इयर श्रेणी में बीटा अवॉर्ड्स का गोल्ड सम्मान मिला है, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भोपाल में प्रदान किया जाएगा।

भोपाल, 17 जुलाई।

मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव 2026 को इस वर्ष तीसरा राष्ट्रीय सम्मान मिला है। देहरादून में आयोजित हिन्दुस्तान 2.0 नेशनल चिंतन शिविर एवं एक्स्पो के दौरान इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्री की ओर से बीटा अवॉर्ड्स 2026 में इसे "गवर्नमेंट इवेंट ऑफ द इयर" श्रेणी का गोल्ड अवॉर्ड प्रदान किया गया। बीटा की टीम भोपाल आकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को यह सम्मान सौंपेगी।

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि विक्रमोत्सव दुनिया के सबसे लंबे समय तक चलने वाले सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है, जिसमें सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ व्यावसायिक आयोजन भी शामिल रहते हैं। इससे पहले वर्ष 2026 में नई दिल्ली में आयोजित शो ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव में भी विक्रमोत्सव को सांस्कृतिक लाइव इवेंट ऑफ द इयर का गोल्ड तथा सर्वश्रेष्ठ शासकीय सहभागिता का सिल्वर अवॉर्ड मिल चुका है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन में आयोजित विक्रमोत्सव भारतीय संस्कृति, इतिहास और विरासत का राष्ट्रीय उत्सव बनकर उभरा है। यह सम्मान मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, उत्कृष्ट आयोजन क्षमता और जनभागीदारी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान का प्रतीक है।

श्रीराम तिवारी ने बताया कि पूर्व वर्षों में भी विक्रमोत्सव को कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2025 में इसे ईमैक्स ग्लोबल अवॉर्ड्स में "लॉन्गस्टैंडिंग आईपी ऑफ द इयर" तथा वाउ अवॉर्ड एशिया में सरकारी समारोह श्रेणी का गोल्ड अवॉर्ड मिला था। वहीं, वर्ष 2024 में इसे एशिया का "बिगेस्ट रिलीजियस" अवॉर्ड प्राप्त हुआ था।

उन्होंने बताया कि 7 फरवरी से 24 मार्च 2026 के बीच विक्रमोत्सव से जुड़ी गतिविधियों ने 17.72 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई। आधिकारिक सोशल मीडिया और लाइव स्ट्रीम के माध्यम से 47.85 लाख लोगों तक पहुंच दर्ज की गई, जबकि विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और हैशटैग के जरिए 17.24 करोड़ से अधिक की डिजिटल रीच हासिल हुई।

विक्रमोत्सव 2026 का आयोजन 139 दिनों तक चला। इसमें जल गंगा संवर्धन अभियान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सामाजिक गतिविधियां और विभिन्न आयोजन शामिल रहे। अभियान के दौरान 41 से अधिक गतिविधियों में चार हजार से ज्यादा कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और सुशासन पर आधारित महानाट्य का भी मंचन किया गया।

|
आज का राशिफल

परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पर प्रपंच में ना पड़कर काम पर ध्यान दीजिए। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। आलस्य का त्याग करें। कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। यार-दोस्तों के साथ साझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़