चंडीगढ़, 17 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि देश के लिए सुनियोजित विकास और बेहतर जीवनशैली का मॉडल है तथा केंद्र सरकार ने इसके समग्र विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ चिकित्सा सुविधाओं, ईज ऑफ लिविंग और सुव्यवस्थित शहरी विकास के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय न्याय संहिता लागू करने की शुरुआत चंडीगढ़ से हुई थी, जो न्याय आधारित व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि नई परियोजनाओं में पीजीआई चंडीगढ़ के एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर, एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का विस्तार, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज एवं सरकारी कॉलेजों में छात्रावास निर्माण तथा आईटी सिटी-कुराली छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे सहित कई संपर्क परियोजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ उत्तर भारत के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल है। इसके विस्तार से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ के लाखों मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने संस्थान के चिकित्सकों, प्रोफेसरों और स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान की भी सराहना की।
स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में करोड़ों शौचालयों के निर्माण और जनभागीदारी से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया गया है। उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू की भी प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में देश के स्वास्थ्य ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। नए एम्स, मेडिकल कॉलेज, कैंसर उपचार केंद्र, आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और ई-संजीवनी जैसी पहलों से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच व्यापक हुई है। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान, मिशन इंद्रधनुष, पोषण अभियान और एचपीवी टीकाकरण जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए देश में एमबीबीएस और पीजी सीटों की संख्या में वृद्धि की गई है। पीजीआई चंडीगढ़ में एमबीबीएस कॉलेज को मंजूरी मिलने से छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटी सिटी-कुराली छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे, अंबाला-चंडीगढ़ संपर्क मार्ग और रेलवे परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भी क्षेत्रीय विकास और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।














