सागर, 17 जुलाई।
सागर जिले की केसली तहसील के ग्राम जैतपुर (डोमा) में स्थित एक बंजर जमीन इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले करीब 15 दिनों से यहां जमीन की खुदाई के दौरान चमकीले पत्थर और प्राचीन माला के दाने जैसी वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर खुदाई कर रहे हैं।
ग्रामीण सुबह से ही खुरपी, कुदाल और अन्य औजारों के साथ जमीन की खुदाई में जुट जाते हैं। महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग इस उम्मीद के साथ मिट्टी छान रहे हैं कि उन्हें भी कोई कीमती पत्थर मिल जाए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अब तक कई ग्रामीणों को अलग-अलग आकार के चमकीले दाने मिले हैं। इनकी गुणवत्ता के आधार पर कुछ खरीदार मौके पर ही नकद भुगतान कर इन्हें खरीद रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन दानों की कीमत उनकी गुणवत्ता के अनुसार 100 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक लगाई जा रही है।
मौके पर मौजूद कुछ जानकारों और प्राचीन वस्तुओं के खरीदारों का अनुमान है कि जमीन से निकल रहे ये दाने मुगलकालीन हो सकते हैं और प्राचीन समय में इनका उपयोग मालाओं एवं आभूषणों में किया जाता रहा होगा। हालांकि, इन वस्तुओं की ऐतिहासिकता अथवा वास्तविक मूल्य की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के सिलारी और मदनपुर क्षेत्रों में भी पहले इस तरह के दाने मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बारिश के मौसम में कृषि कार्य अपेक्षाकृत कम होने के बीच इस बंजर जमीन से मिल रहे दानों ने ग्रामीणों के लिए अतिरिक्त आय की उम्मीद पैदा की है। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की भी नजर बनी हुई है।














