भोपाल, 17 जुलाई।
निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमल नगर में डेयरी की आड़ में कथित अवैध गोकशी किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मौके से कथित गौमांस, एक गाय का धड़ तथा गोकशी में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार और अन्य औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में अजीज, उसके बेटे आसिफ और दामाद जुबैर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने डेयरी परिसर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। विहिप के पदाधिकारी अभिषेक शर्मा ने आरोप लगाया कि गोकशी के बाद गायों की हड्डियां पास के खेत में दफनाई जाती थीं। पुलिस ने कहा है कि इन आरोपों की जांच की जा रही है।
स्थानीय निवासी सतेंद्र ने दावा किया कि पिछले तीन महीनों में उनकी चार गायें चोरी हुई थीं। उन्होंने बरामद गाय को अपनी बताते हुए आरोप लगाया कि चोरी किए गए मवेशियों का वध कर उनका मांस बेचा जाता था। इस संबंध में उन्होंने निशातपुरा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में डेयरी के लिए सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी सूचना प्रशासन को भेज दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गायें कहां से लाई जाती थीं और कथित गौमांस की आपूर्ति किन लोगों तक की जाती थी।














