नई दिल्ली, 17 जुलाई।
देश के पूर्वोत्तर राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले सात दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश के साथ उमस भरे मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार शनिवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं, हालांकि उमस बनी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रविवार को भी मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि 20 जुलाई को हल्की बारिश के साथ तापमान में कुछ गिरावट दर्ज हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर होकर सामान्य कम दबाव में बदल गया है। इसके प्रभाव से अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 18 और 19 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं अत्यधिक वर्षा हो सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत में हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों तथा 23 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 से 23 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18 से 20 जुलाई के दौरान तथा विदर्भ में 19 से 23 जुलाई के बीच वर्षा की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 23 जुलाई के दौरान वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
पूर्वी भारत में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, जबकि दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में भी 18 से 23 जुलाई के बीच बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 18 जुलाई को गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बने रहने की संभावना भी जताई है।














