भोपाल, 17 जुलाई।
थाना ऐशबाग क्षेत्र में हुए चर्चित वृद्ध दंपति दोहरे हत्याकांड की जांच में अहम भूमिका निभाने वाले तीन गोताखोरों को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सम्मानित किया। बड़े तालाब से मामले में इस्तेमाल की गई दोनों पिस्तौल बरामद करने वाले गोताखोरों को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गोताखोर मोहम्मद इमरान, मधुकर सेन और मज़हर को उनकी साहसिक भूमिका, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पांच-पांच हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि ऐशबाग क्षेत्र में हुए वृद्ध दंपति के दोहरे हत्याकांड की जांच के दौरान आरोपियों द्वारा बड़े तालाब में फेंकी गई दोनों पिस्तौल की तलाश की जा रही थी। तीनों गोताखोरों ने तालाब के गारे और मिट्टी में घंटों तक लगातार खोजबीन कर इन महत्वपूर्ण साक्ष्यों को बरामद किया, जिससे पुलिस जांच को निर्णायक दिशा मिली।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने तीनों गोताखोरों के साहस, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य पुलिस जांच को मजबूती देने के साथ समाज के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का भी उदाहरण हैं।














