जोधपुर, 28 जुलाई।
शहर के एक मंडी व्यापारी को साइबर ठगों ने इंटरनेशनल कॉल के जरिए अपने जाल में फंसाकर 1.45 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना दिया। आरोपी ने पहले विदेश से सोना-चांदी लाने की बात कही और बाद में व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से संपर्क बनाए रखा।
पीड़ित के अनुसार, ठग ने खुद को मुंबई पहुंचा हुआ बताते हुए दावा किया कि उसे कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है। इसके बाद कथित अधिकारियों से भी बात कराई गई और अलग-अलग खातों में रकम जमा कराने के लिए कहा गया। व्यापारी ने उनकी बातों पर भरोसा करते हुए कई किश्तों में पैसे ट्रांसफर कर दिए।
माता का थान थाना पुलिस के अनुसार, मूल रूप से ओसियां के डाबड़ी और वर्तमान में अमर नगर निवासी विशनाराम पुत्र बाबूलाल विश्नोई ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 25 और 26 जुलाई को उन्हें इंटरनेशनल कॉल आई थी, जिसके बाद व्हाट्सऐप कॉल पर लगातार बातचीत होती रही।
शिकायत में बताया गया है कि पहले 30 हजार रुपये जमा कराए गए और बाद में बड़े अधिकारी के नाम पर भी अलग-अलग खातों में राशि भेजने के लिए कहा गया। इस तरह कुल छह बार में 1.45 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। बाद में ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।


















