भोपाल, 28 जुलाई।
भोपाल के कलियासोत डेम वेटलैंड क्षेत्र में वाहनों से खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ रातीबड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 चारपहिया वाहनों को जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अन्य वाहन चालकों और वाहनों की पहचान में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे स्टेट डेयरी से लगे बड़े तालाब के जलभराव क्षेत्र में कुछ वाहन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से कीचड़ में वाहन दौड़ाकर स्टंट कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग स्टंट देखने के लिए मौके पर जमा हो गए थे, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से आम लोगों की जान को खतरा पैदा हो सकता था। साथ ही जलाशय के पानी के प्रदूषित होने और संक्रमण फैलने की संभावना भी बनी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने MP-04-J-3250, RJ-17-UA-0729, MP-04-F-1623, MP-08-N-1066 सहित कई वाहनों की पहचान की। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ वाहन चालकों ने पहचान छिपाने के लिए अपनी गाड़ियों पर लगी मिट्टी साफ कर दी थी।
रातीबड़ थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से स्टंट करने वालों की पहचान की और स्टंट में इस्तेमाल किए गए 10 वाहनों को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 170, 271, 279 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल के निर्देशन में थाना प्रभारी रातीबड़ रास बिहारी शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। स्टंटबाजी में शामिल अन्य वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















