भोपाल, 28 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में "एमपीआरडीसी : कनेक्टिंग पीपुल थ्रू क्वालिटी इंफ्रास्ट्रक्चर" नामक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। यह पुस्तक लोक निर्माण विभाग और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास, आधुनिक सड़क संपर्क और सतत प्रगति की यात्रा को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
यह कॉफी टेबल बुक विभाग की उपलब्धियों, नवाचारों और भविष्य की विकास दृष्टि को समग्र रूप से प्रस्तुत करती है। इसमें लोक निर्माण विभाग और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम की प्रदेश के विकास में भूमिका और योगदान को रेखांकित किया गया है। साथ ही विभाग द्वारा क्रियान्वित प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं का तथ्यपरक और आकर्षक विवरण भी शामिल किया गया है। पुस्तक में विशेष रूप से हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल, एक्सप्रेस हाईवे, प्रमुख सड़कें, फ्लाईओवर और पुल निर्माण परियोजनाओं का उल्लेख किया गया है।
पुस्तक में प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, औद्योगिक, धार्मिक और पर्यटन केंद्रों को जोड़ने वाली सड़क परियोजनाओं की प्रगति, उनके प्रभाव और विकास यात्रा को भी स्थान दिया गया है। इसके अलावा विभाग की नवीन पहल, आधुनिक तकनीक, परियोजना प्रबंधन प्रणाली तथा भावी योजनाओं और भविष्य के रोडमैप को भी पुस्तक का हिस्सा बनाया गया है।


















