भिंड, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। मेहगांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-719 पर दो डंपरों की आमने-सामने टक्कर में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक अपने वाहन के केबिन में स्टेयरिंग और बोनट के बीच फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और ग्रामीणों की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब चार बजे जैतपुरा के पास हुआ। डंपर क्रमांक एमपी-07 एएन-6216 का चालक तहसीलदार जाटव निवासी नगरा वीरवाल (उदी मोड़) आगे चल रहे डंपर एचआर-35 बीए-9666 को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कट लगने से दोनों डंपरों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में डंपर चालक रविंद्र सिंह यादव पुत्र राजेश कुमार यादव निवासी वार्ड क्रमांक-2, अटेर रोड, फूप अपने वाहन के अंदर फंस गए। वह स्टेयरिंग और बोनट के बीच फंसने के कारण बाहर नहीं निकल पाए।
राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 और मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बरेठा टोल प्लाजा से क्रेन और स्थानीय स्तर से जेसीबी मंगाई गई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस, मशीन ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने मिलकर प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 5:30 बजे चालक को बाहर निकाल लिया गया और अस्पताल भेजा गया।
बचाव कार्य में डायल-112 पर तैनात आरक्षक नरेंद्र सिंह कुशवाह और पायलट मोहित परिहार की अहम भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से घायल चालक को समय पर इलाज मिल सका। फिलहाल चालक का उपचार जारी है।
मेहगांव थाना पुलिस ने दोनों डंपरों को अपने कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओवरटेक करने के दौरान कट लगने से यह हादसा हुआ।

















