बैतूल, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के बैतूल शहर में गुरुवार तड़के तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। गंज थाना क्षेत्र में रेलवे की बाउंड्री वॉल गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं उसका साथी घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों मजदूर दीवार से लगी झोपड़ी में सो रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे मजदूर को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद मलबे से मजदूर का शव निकाला गया।
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रेलवे की बाउंड्री वॉल अचानक कमजोर होकर गिर गई और उसके पास बनी झोपड़ी इसकी चपेट में आ गई। झोपड़ी पूरी तरह मलबे में दब गई।
इस हादसे में पांढुर्णा जिले के ग्राम देवखापा निवासी राहुल उइके (27) पुत्र चरण उइके की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजस्थान निवासी शनि सिंह (35) पुत्र लखविंदर सिंह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। दोनों मजदूर लंबे समय से इसी झोपड़ी में रहकर मजदूरी कर रहे थे।
इस मानसून की सबसे ज्यादा बारिश
बैतूल में बुधवार रात से इस मानसून की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। जिले में 93.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार बारिश के कारण रेलवे की बाउंड्री वॉल कमजोर हुई और गिरने से यह हादसा हुआ।
एसडीआरएफ और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ निरीक्षक सुनीता पंद्रे के नेतृत्व में टीम ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य किया। मलबा हटाने के बाद राहुल उइके का शव बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार राहुल उइके अविवाहित थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उनकी बहनें हरदा जिले में रहती हैं। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके बैतूल पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में भारी बारिश के कारण बाउंड्री वॉल गिरना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

















