ग्लासगो, 30 जुलाई।
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में गुरुवार का दिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए पदकों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। आज एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, लॉन बॉल्स, ट्रैक साइक्लिंग और पैरा ट्रैक साइक्लिंग जैसी कई स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने के लिए मैदान में उतरेंगे।
भारतीय दल की सबसे बड़ी उम्मीदें वेटलिफ्टिंग में मार्टिना देवी माईबाम और लवप्रीत सिंह से रहेंगी। मार्टिना महिला +86 किग्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में चुनौती पेश करेंगी, वहीं लवप्रीत सिंह पुरुष +110 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगे। भारत वेटलिफ्टिंग में अब तक सात पदक अपने नाम कर चुका है, जिसमें एक स्वर्ण पदक शामिल है।
एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह पुरुष भाला फेंक क्वालिफिकेशन मुकाबले में हिस्सा लेंगे। वहीं पारुल चौधरी महिला 5000 मीटर दौड़ में पदक हासिल करने के लक्ष्य के साथ उतरेंगी। पुरुष शॉटपुट फाइनल में तजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
महिला डिस्कस थ्रो फाइनल में निधि रानी और सीमा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके अलावा पुरुष ट्रिपल जंप क्वालिफिकेशन में प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु भारतीय चुनौती को आगे बढ़ाएंगे।
डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर पूरे दिन कई स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसमें 100 मीटर, लंबी कूद, शॉटपुट, हाई जंप और 400 मीटर मुकाबले शामिल हैं। पुरुष 400 मीटर सेमीफाइनल में विशाल टीके और 200 मीटर सेमीफाइनल में अनिमेष कुजूर भी भारतीय टीम की उम्मीदों को मजबूत करेंगे।
ट्रैक साइक्लिंग में भारतीय पुरुष टीम स्प्रिंट स्पर्धा के क्वालिफाइंग राउंड में हिस्सा लेगी। क्वालिफाई करने की स्थिति में टीम कांस्य और स्वर्ण पदक मुकाबलों में भी उतरेगी। वहीं पैरा ट्रैक साइक्लिंग में लीशा दास महिला C4-C5 4000 मीटर इंडिविजुअल पर्स्यूट स्पर्धा में भारत की चुनौती पेश करेंगी।
लॉन बॉल्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार पुरुष युगल वर्ग में खेलेंगे, वहीं नयनमोनी सैकिया महिला एकल वर्ग में मुकाबला करेंगी।
गुरुवार को भारत की नजर पदकों की संख्या बढ़ाने पर होगी, क्योंकि कई प्रमुख खिलाड़ी फाइनल और क्वालिफिकेशन मुकाबलों में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
















