इंदौर, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के इंदौर में जिला प्रशासन ने मल्हारगंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक वृद्धाश्रम को सील कर दिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई कार्रवाई में आश्रम संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, वृद्धजनों के साथ एक नाबालिग द्वारा मारपीट किए जाने संबंधी खबर सामने आने के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम मल्हारगंज, सामाजिक न्याय विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए वहां रह रहे वृद्धजनों को सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया।
वृद्धजनों को गणेश आश्रम, निराश्रित सेवाश्रम और आशा निलय जैसे मान्यता प्राप्त वृद्धाश्रमों में भेजा गया। वहीं नाबालिग को आवश्यक संरक्षण और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द किया गया है।
प्रारंभिक जांच में प्रेमाश्रय वृद्ध आश्रम, बाणगंगा का संचालन अवैध पाए जाने के बाद प्रशासन ने उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके साथ ही सामाजिक न्याय विभाग की ओर से आश्रम संचालिका के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि शासकीय भूमि पर बने नगर निगम के भवन में आश्रम का संचालन किस आदेश के तहत किया जा रहा था।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वृद्धजनों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

















