नई दिल्ली, 30 जुलाई।
पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
ओम बिरला ने इस अवसर पर भगवान महादेव को नमन करते हुए लोगों के सुख और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रावण का महीना केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, आध्यात्मिकता और आत्मशुद्धि का भी अवसर है।
उन्होंने लोगों से संयम, सेवा, करुणा और सद्भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का स्वरूप प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है, इसलिए इस पवित्र महीने में वृक्षारोपण और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
अमित शाह ने कहा कि यह महीना आस्था, संयम और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि श्रावण मास सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक विकास और शांति लेकर आए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भगवान महादेव सभी के जीवन में खुशहाली, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करें तथा विश्व का कल्याण हो।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना, सेवा और आत्मचिंतन का संदेश देता है। उन्होंने कांवड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं सहित सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति और सद्भाव की कामना की।

















