इंदौर, 30 जुलाई।
संभागायुक्त भास्कर लक्षकार और कलेक्टर शिवम वर्मा ने गुरुवार को एमवाय अस्पताल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों को मरीजों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त और कलेक्टर ने अस्पताल के ओपीडी, आपातकालीन सेवा, रोगी कल्याण समिति, ब्लड बैंक, नेत्र विभाग, आयुष्मान भारत योजना विभाग और सर्जरी सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया।
संभागायुक्त लक्षकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में जगह-जगह संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि मरीजों की प्रमुख जांचों की जानकारी हिंदी भाषा में लिखी जाए, ताकि उन्हें आसानी से समझ आ सके।
उन्होंने दवाइयों के काउंटरों की संख्या बढ़ाने और उनकी व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के परिजनों के लिए बैठक व्यवस्था में सुधार करने को भी कहा।
संभागायुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों से कहा कि मरीजों को प्राथमिकता देते हुए उनके उपचार में संवेदनशीलता बरती जाए। सभी अधिकारी समय पर अपने विभागों में उपस्थित रहें और गुणवत्तापूर्ण कार्य करें।
उन्होंने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के तहत लाभ लेने वाले मरीजों की जानकारी भी अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संचालक डॉ. शॉजी जोसेफ, एमवाय अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा
इसके बाद संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने लवकुश चौराहा स्थित निर्माणाधीन डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की दूसरी भुजा, एमआर-10 स्थित रेलवे ओवर ब्रिज और आईएसबीटी का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और इंजीनियरों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही एमआर-10 रेलवे ब्रिज की ड्राइंग और प्रोजेक्ट रिपोर्ट का अवलोकन किया। उन्होंने पूर्ण हो चुके आईएसबीटी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लवकुश चौराहा फ्लाईओवर ब्रिज की दूसरी भुजा का काम समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। जरूरत पड़ने पर संसाधन बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि ब्रिज की दूसरी भुजा शुरू होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर तैयार किए जा रहे अत्याधुनिक सुविधाओं वाले श्री टंट्या मामा भील अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

















