उज्जैन, 11 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित पंचमपुरा क्षेत्र में शनिवार को मंदिर हटाने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। नगर निगम और पुलिस की टीम पर कुछ लोगों द्वारा अभद्रता करते हुए पथराव किया गया, जिसमें माधव नगर थाने में पदस्थ एक एसआई घायल हो गया। घटना के बाद थाने के बाहर कुछ लोगों ने चक्का जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
जानकारी के अनुसार सांवेर रोड स्थित दो तालाब से तरणताल चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इसी मार्ग पर स्थित पंचमपुरा में कालका माता मंदिर को स्थानांतरित किया जा रहा है। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों और नगर निगम ने विधि-विधान के साथ मंदिर से माता की मूर्ति को स्थानांतरित कर दिया था।
शाम के समय जब नगर निगम की टीम मंदिर ढहाने पहुंची, तो पास में रहने वाले रवि बामनिया ने कुछ लोगों को बुला लिया। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की कार्रवाई का समर्थन करते हुए बाहरी हस्तक्षेप का विरोध किया। इसी दौरान आरोप है कि रवि बामनिया के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की, जिससे आक्रोशित होकर पथराव की घटना हुई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान एक पत्थर माधव नगर थाने में पदस्थ एसआई अंकित बनोधा के सिर में लग गया, जिससे वे घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को खदेड़ दिया।
कुछ ही देर बाद पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम ने मंदिर हटाने की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद कुछ लोगों ने माधव नगर थाने का घेराव करते हुए सड़क जाम का प्रयास किया, जिस पर सीएसपी दीपिका शींदे मौके पर पहुंचीं और भीड़ को वहां से हटाया। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया।













