देहरादून, 08 अप्रैल।
उत्तराखंड में बुधवार सुबह से मौसम ने अचानक बदलाव लिया। बदरीनाथ, केदारनाथ और राज्य के अन्य हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की जा रही है। लगातार वर्षा और हिमपात के कारण तापमान गिर गया है और ठंडक मैदानी इलाकों तक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में मौसम इसी तरह बना रह सकता है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने मौसम ठंडा कर दिया है और अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री, यमुनोत्री समेत सभी तहसीलों में हल्की वर्षा जारी है, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में हल्की बर्फबारी हुई। हर्षिल घाटी में भी ठंड बढ़ी है। चमोली जिले के बदरीनाथ, चंपावत, नई टिहरी, मसूरी और नैनीताल में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, अल्मोड़ा, बागेश्वर, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में भी सुबह से हो रही वर्षा से ठंडक बढ़ गई है। लगातार बारिश से जंगलों की आग पर नियंत्रण करने में मदद मिली है, जबकि रबी फसलों को नुकसान होने का खतरा किसानों को चिंता में डाल रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी/घंटा की तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में मैदानी इलाकों का अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों का तापमान काफी नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट संभव है। इसके बाद आने वाले 3-4 दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है।


.jpg)





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

