रायपुर, 07 मई।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान किए जाने के निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है और इसे प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय बताया है।
उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 में संशोधन के प्रस्ताव को स्वीकृति देकर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान किया जाना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह निर्णय केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और राष्ट्रभक्ति की भावना को सम्मान देने का संकल्प है। उन्होंने उल्लेख किया कि ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों को प्रेरित किया था और आज भी यह प्रत्येक भारतीय के मन में मातृभूमि के प्रति समर्पण, सेवा और गौरव की भावना को जागृत करता है।
उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रति भी हार्दिक आभार प्रकट किया है।









.jpg)



