नागरिक समस्याएँ
13 Apr, 2026

महिला कर्मचारी का वीडियो वायरल, चार आरोपियों पर मामला दर्ज

सीसीटीवी फुटेज के दुरुपयोग से महिला कर्मचारी का आपत्तिजनक वीडियो फैलाने के मामले में चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

भोपाल, 13 अप्रैल

राजधानी में कार्यस्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक निजी वित्त कंपनी में कार्यरत 40 वर्षीय महिला कर्मचारी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल किए जाने के आरोप में मिसरोद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वीडियो पहले आपस में साझा किया और बाद में इसे कंपनी प्रबंधन तक भी पहुंचा दिया।

पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला नर्मदापुरम रोड स्थित एक निजी वित्त कंपनी में कार्यरत है। पिछले वर्ष अप्रैल माह में कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला एक पुरुष सहकर्मी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रिकॉर्ड हो गई थी। बाद में यह फुटेज कुछ लोगों के हाथ लग गया, जिसे आरोपियों द्वारा प्रसारित कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने उक्त वीडियो कंपनी प्रबंधन को भी भेज दिया, जिसके बाद महिला को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया। नोटिस में उनसे पूछा गया कि कार्यालय परिसर में इस प्रकार की गतिविधि को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। नोटिस मिलने के बाद ही महिला को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई और उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के बाद पुलिस ने भगवत दांगी, मनीष, गणेश और हंसराज के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। इनमें दो वर्तमान कर्मचारी, एक पूर्व कर्मचारी तथा एक कैमरा संचालक शामिल बताया जा रहा है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कितने लोगों तक पहुंचा और किस माध्यम से फैलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना महिला की गरिमा और निजता से जुड़ा गंभीर अपराध है, जिसमें दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़