सिवनी, 07 मई।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सिवनी जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। जिले के 78 उपार्जन केंद्रों में किसानों से सुचारू रूप से गेहूं खरीदा जा रहा है। प्रशासन की लगातार मॉनिटरिंग और व्यवस्थाओं के कारण खरीदी प्रक्रिया में लगातार प्रगति दर्ज की जा रही है।
जिले में इस वर्ष 54 हजार 96 किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 65 गोदाम स्तरीय और 13 समिति स्तरीय केंद्रों सहित कुल 78 उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 44 हजार 274 किसानों को स्लॉट जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 23 हजार 705 किसान अपनी उपज का विक्रय कर चुके हैं।
उपार्जन केंद्रों पर अब तक 1 लाख 43 हजार 145 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए गेहूं में से 1 लाख 33 हजार 812 मीट्रिक टन गेहूं रेडी टू ट्रांसपोर्ट किया जा चुका है, जबकि 1 लाख 18 हजार 956 मीट्रिक टन गेहूं का परिवहन पूरा हो चुका है। इसके अलावा 1 लाख 12 हजार 354 मीट्रिक टन गेहूं की स्वीकृति प्रक्रिया भी पूर्ण हो गई है।
उपार्जित गेहूं की कुल राशि लगभग 370 करोड़ रुपये आंकी गई है। किसानों को भुगतान प्रक्रिया के तहत अब तक 182 करोड़ 63 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
जिला प्रशासन द्वारा उपार्जन केंद्रों पर तौल, परिवहन, भुगतान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी कार्य व्यवस्थित रूप से चलता रहे।




.jpg)

.jpg)





