नोएडा, 07 मई
नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के बहलोलपुर फ्लाईओवर पर देर रात एक 25 वर्षीय युवक सड़क पार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों की मदद से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी थाना क्षेत्र के एच ब्लॉक में एक अन्य हादसे में 47 वर्षीय नीरज कुमार पुत्र रघुवीर सिंह बाइक से जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ठेली से टकरा गई। इस टक्कर में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बादलपुर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय पवन उर्फ पंकज पुत्र गजराज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मूल रूप से बुलंदशहर निवासी पवन को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
वहीं एक अन्य हादसे में बुलंदशहर निवासी 32 वर्षीय चलजीत पुत्र गजराज सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने सभी मामलों में शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












.jpg)
