अपराध
07 May, 2026

शादी में मेहमान बनकर घुसे शातिर ने 20 लाख के कन्यादान बैग पर किया हाथ साफ

भरतपुर की शादी में मेहमान बनकर घुसे शातिर युवक ने करीब 20 लाख रुपये का कन्यादान बैग चोरी कर लिया, पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई।

भरतपुर, 07 मई

भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र स्थित ज्वाला रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह के दौरान एक शातिर युवक मेहमान बनकर घुसा और करीब 20 लाख रुपये के गहनों व नकदी से भरा कन्यादान बैग चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी राजेश खंडेलवाल के पुत्र सचिन की शादी 6 मई को दौसा निवासी काजल खंडेलवाल के साथ ज्वाला रिसोर्ट में आयोजित की गई थी। शादी के दौरान दोनों परिवार मेहमानों की आवभगत और रस्मों में व्यस्त थे, तभी सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक नए कपड़े पहनकर रिसोर्ट में दाखिल हुआ।

आरोपी ने खुद को सामान्य मेहमान की तरह प्रस्तुत किया और पहले नाश्ता किया। इसके बाद वह करीब डेढ़ घंटे तक पूरे रिसोर्ट में घूमकर लगातार रेकी करता रहा। इस दौरान दोनों पक्षों में भ्रम की स्थिति बनी रही और किसी ने उस पर संदेह नहीं किया, क्योंकि उसे किसी ने लड़के या लड़की पक्ष का रिश्तेदार समझ लिया।

रस्मों के दौरान जब परिवार के सदस्य व्यस्त थे, आरोपी सीधे उस कमरे में पहुंचा जहां कन्यादान का बैग रखा था। बैग में करीब 10 तोला सोना, 3 से 3.5 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान मौजूद था, जिसकी कुल कीमत लगभग 15 से 20 लाख रुपये बताई गई है।

चोरी के बाद आरोपी ने बैग को पहले सामान्य तरीके से बाहर निकाला और कुछ देर तक रिसोर्ट में घूमता रहा, फिर उसे लेकर आसानी से बाहर निकल गया। परिवार को शक है कि इस वारदात में उसका एक साथी भी शामिल था और बाहर एक वाहन पहले से तैयार खड़ा था।

घटना को किसी संगठित गिरोह की सुनियोजित चोरी माना जा रहा है। बैग गायब होने का खुलासा तब हुआ जब फेरों के दौरान गहनों की जरूरत पड़ी। इसके बाद खोजबीन की गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी बैग ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की ओर से गहने और नकदी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अब आरोपी और उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़