मीरजापुर, 07 मई
मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उस पर धर्म परिवर्तन करने और शादी के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसआई श्याम लाल और पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। आरोपी को अहुगी कला स्थित अदवा बांध के किनारे, अहुगी कला तिराहा से गुर्गी मार्ग पर लगभग 200 मीटर आगे से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपित की पहचान गौरवा गांव निवासी बल्लू के रूप में हुई है।
मामले में पीड़िता के भाई ने बुधवार को थाना हलिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया और उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और आरोपित को दबोच लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।












.jpg)
