फिरोजाबाद, 6 मई।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना नसीरपुर क्षेत्र में अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित आरोपी आकाश को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की नगला जवाहर पुलिया के नीचे देखा गया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा 315 बोर और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को आरोपी ने अपने भाई अवनीश उर्फ छोटू पर जान से मारने की नीयत से गर्दन पर गोली चलाई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान अगले दिन उसकी मौत आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में हो गई थी।
घटना के बाद से आरोपी फरार था और लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



.jpg)





.jpg)



