भोपाल, 15 मई।
राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित पारस धाम कॉलोनी में बच्चों के क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक दंपती ने कुछ लोगों को बुलाकर पड़ोसी के घर पर हमला करवा दिया, जिसमें महिलाओं के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ की गई। घटना में चार महिलाएं घायल हुई हैं।
पुलिस के अनुसार पारस धाम कॉलोनी निवासी 41 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि बुधवार शाम उनका बेटा कॉलोनी के मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी नीरज साहू के बेटे से उसका विवाद हो गया। सूचना मिलने पर महिला मौके पर पहुंची और विवाद के दौरान गुस्से में पड़ोसी के बेटे को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि रात करीब 10 बजे नीरज साहू ने कुछ लोगों को बुलाया। इसके बाद उसकी पत्नी पूजा, रणवीर और अन्य लोग लाठी-डंडों के साथ पीड़ित पक्ष के घर पहुंचे और जबरन अंदर घुस गए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ महिलाओं और रिश्तेदारों से मारपीट की तथा घटना के दौरान महिलाओं के कपड़े भी फाड़ दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नीरज साहू, उसकी पत्नी पूजा, रणवीर सहित आधा दर्जन नामजद आरोपियों और 10 से 12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूजा, करण और रणवीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ मारपीट, बलवा, घर में घुसकर हमला करने और महिलाओं से अभद्रता सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






.jpg)








