पूर्वी सिंहभूम, 14 मई।
कोवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेगनाडीह–पोटका मुख्य मार्ग पर बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना टाटा स्टील के कचरा निष्पादन हेतु निर्माणाधीन संयंत्र के पास उस समय हुई जब एक बाइक और कार्य में लगे ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
मृतकों की पहचान बुकामडीह गांव निवासी जोड़ो माहली उर्फ काला माहुरी तथा काला माहली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर भालकी की ओर से अपने गांव बुकामडीह लौट रहे थे, तभी निर्माण कार्य में लगे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए जमशेदपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत पाइप बिछाने का कार्य चल रहा था और इसी दौरान ट्रैक्टर से बाइक की टक्कर हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार सुबह गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















