अपराध
06 May, 2026

बॉक्सर विकास भिंडा हत्याकांड में फरार आरोपी सुमित राणा गिरफ्तार

राष्ट्रीय बॉक्सर विकास भिंडा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुमित राणा को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

नई दिल्ली, 6 मई।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर विकास उर्फ भिंडा हत्याकांड में फरार चल रहे घोषित अपराधी सुमित राणा उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले आठ महीनों से फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस के अनुसार सुमित राणा कुख्यात सोनू ठेकेदार गैंग का सक्रिय सदस्य है और इस हत्याकांड का प्रमुख साजिशकर्ता बताया जा रहा है। उसे आदर्श नगर इलाके से गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।

यह घटना 29 जुलाई 2025 की है, जब बाबा हरिदास नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियन विकास उर्फ भिंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि चार आरोपितों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था और इसे पुरानी रंजिश के चलते योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।

आरोप है कि गैंग सरगना विकास दहिया उर्फ सोनू ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर इलाके में दबदबा कायम करने और व्यापारियों में भय पैदा करने के उद्देश्य से इस हत्या की साजिश रची थी। घटना के बाद एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सुमित राणा समेत अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

इसके बाद अदालत ने सभी फरार आरोपियों को घोषित अपराधी करार दिया था। पुलिस ने 12 अप्रैल 2026 को गैंग सरगना को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था, हालांकि उस दौरान सुमित राणा बच निकलने में सफल रहा था।

हाल ही में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आदर्श नगर क्षेत्र में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी उसके पास कुछ समय तक रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा धारक है और विदेशों में काम कर चुका है, लेकिन वापस लौटने के बाद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। क्राइम ब्रांच अब मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़