भोपाल, 13 अप्रैल
शहर में जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रातीबड़ थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण में करीब 11 माह से फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अन्य लोगों की जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे अपने नाम से बेचने की योजना बना रही थी। इस मामले में उसके तीन सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2025 को गोविंदपुरा निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अखबार में बिक्री के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया है। शिकायत की जांच के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की थी।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी महिला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए “सुनीता गुप्ता” नाम का उपयोग किया और इसी नाम से जमीन बेचने की कोशिश की। घटना के बाद से वह लगातार फरार थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी।
लंबे समय तक फरारी के बाद 12 अप्रैल 2026 को पुलिस ने नारियलखेड़ा क्षेत्र से महिला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार महिला की पहचान सकुन बाई (58 वर्ष) निवासी शारदा नगर, नारियलखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई से जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती जारी रहेगी।








.jpg)



