भोपाल, 13 अप्रैल
राजधानी के श्यामलाहिल्स इलाके में मुख्यमंत्री निवास के समीप एक डॉक्टर से हुई चर्चित लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि इस वारदात की साजिश डॉक्टर की परिचित महिला ने ही रची थी, जिसने सोने के कड़े के लालच में अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी आलिया खान (27 वर्ष) डॉक्टर मनोज वर्मा की करीबी पहचान वाली थी और उनकी दिनचर्या से पूरी तरह परिचित थी। उसने अपने साथियों को जानकारी दी थी कि डॉक्टर प्रतिदिन सुबह साइकिलिंग के लिए निकलते हैं और उनके हाथ में करीब 11 तोले का सोने का कड़ा रहता है, जिसके चलते आरोपियों ने लूट की योजना बनाई।
घटना वाले दिन आरोपियों ने पहले से ही क्षेत्र की रेकी कर ली थी। पालिटेक्निक रोड के सुनसान हिस्से में जैसे ही डॉक्टर पहुंचे, उन्हें टक्कर मारकर गिराया गया और फिर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। आगे की पूछताछ में आलिया खान पर संदेह गहराया और हिरासत में लेने पर उसने पूरी साजिश कबूल कर ली तथा अपने साथी अरशान खान (22 वर्ष) का नाम उजागर किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य शामिल आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार अरशान खान ने डॉक्टर का पीछा कर किलोल पार्क के पास टक्कर मारी थी, जिसके बाद अन्य साथियों ने मिर्च पाउडर डालकर लूट को अंजाम दिया।
बताया गया है कि आलिया खान तलैया क्षेत्र की निवासी है और स्वयं को समाजसेविका बताकर एक संस्था भी संचालित करती है। उसके खिलाफ पहले से चोरी का मामला दर्ज है, जबकि अरशान खान का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में काफी सनसनी फैल गई थी।







.jpg)



