मंदसौर, 09 अप्रैल।
विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर दशपुर योग शिक्षा संस्थान द्वारा स्थानीय स्टेडियम परिसर में स्थित योग भवन में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर सामूहिक जाप किया और सकारात्मक ऊर्जा के साथ दिन की शुरुआत की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सुरेंद्र जैन ने नवकार महामंत्र के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ध्वनि विज्ञान का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। उन्होंने बताया कि मंत्र के उच्चारण से उत्पन्न होने वाली विशेष कंपन शरीर के ऊर्जा चक्रों को सक्रिय करती है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और तंत्रिका तंत्र संतुलित रहता है। उन्होंने नियमित और लयबद्ध जाप को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।
इस अवसर पर सकल जैन समाज के अध्यक्ष लोकेंद्र जैन ने नवकार महामंत्र की सार्वभौमिकता पर जोर देते हुए कहा कि यह किसी एक धर्म या जाति तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस मंत्र में किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि गुणों की वंदना की गई है, जो इसे वैश्विक और सार्वभौमिक बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने सामूहिक जाप के माध्यम से शांति, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। इस समागम ने उपस्थित सभी लोगों को आध्यात्मिक चेतना और मानसिक प्रसन्नता से समृद्ध किया।








.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)