कोलकाता, 29 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान कई स्थानों से ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आई हैं, जिसके चलते अनेक मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया बाधित हुई और मतदाताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। इसी क्रम में बारासात के पूर्व विधायक तथा बंगाली फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता चिरंजीत चक्रवर्ती ईवीएम खराबी के कारण मतदान नहीं कर सके।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह चिरंजीत चक्रवर्ती मतदान के लिए कोलकाता स्थित चारुचंद्र कॉलेज के मतदान केंद्र पहुंचे थे, लेकिन वहां ईवीएम मशीन में तकनीकी समस्या आने से मतदान शुरू नहीं हो सका। मशीन को दुरुस्त करने में समय लगने के कारण वे बिना मतदान किए ही वहां से लौट गए और बाद में पुनः आकर मतदान करने की बात कही।
राज्य के कोलकाता, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और नदिया सहित कई जिलों से सुबह से ही ईवीएम खराब होने की लगातार शिकायतें मिलती रहीं। कई स्थानों पर तकनीकी दिक्कतों के कारण मतदान शुरू होने में देरी हुई, जबकि कुछ केंद्रों पर मतदान के दौरान भी मशीनों में गड़बड़ी सामने आई।
ईवीएम खराबी के कारण कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को लंबी कतारों में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। कुछ स्थानों पर मतदाताओं और मतदानकर्मियों के बीच हल्की कहासुनी की घटनाएं भी सामने आईं। मामले की जानकारी चुनाव आयोग तक पहुंचाई गई है और मशीनों को ठीक करने की प्रक्रिया जारी है।
उल्लेखनीय है कि चिरंजीत चक्रवर्ती बारासात विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं और उन्होंने 2011, 2016 तथा 2021 के चुनावों में जीत हासिल की थी। हालांकि 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया है। उन्हें राजनीति में आने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रेरित किया था।






.jpg)






