नोएडा, 07 मई
नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के चोटपुर कॉलोनी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की पहचान 47 वर्षीय विजय सिंह पुत्र तेज सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के पलवल जिले के निवासी थे। उन्हें उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के अनुसार, बीती रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि यदि परिजनों की ओर से कोई शिकायत मिलती है तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों की जांच जारी है।












.jpg)
