नोएडा, 07 मई
नोएडा में कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को थाना सूरजपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उसका एक साथी पहले ही बुधवार सुबह मुठभेड़ के दौरान पकड़ा जा चुका है।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, साकीपुर गांव निवासी साजन भाटी की बुधवार तड़के कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान वांछित आरोपी वीर सिंह की लोकेशन तिलपता गांव के पास मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की।
पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में वीर सिंह के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले में एक अन्य आरोपी मंगेश्वर उर्फ टिल्लू को बुधवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था, जिसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि मुठभेड़ के दौरान वीर सिंह मंगेश्वर के साथ कार में मौजूद था और उसने पुलिस पर फायरिंग कर मौके से भागने की कोशिश की थी।












.jpg)
