नोएडा, 07 मई
नोएडा में बुधवार देर रात फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रहे दो बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, शाहीन बाग दिल्ली निवासी शेख आजम ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि उनका साला प्यारूद्दीन मिर्जा, निवासी ग्राम छिजारसी सेक्टर-63, अपने साथी अनिल कुमार, निवासी सेक्टर-63, के साथ एक कंपनी में काम करता था और दोनों बुधवार रात करीब 9 बजे ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे।
जैसे ही दोनों सेक्टर-67 के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्यारूद्दीन मिर्जा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और ट्रक चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है।












.jpg)
