राजगढ़, 07 मई।
सारंगपुर थाना क्षेत्र में उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान के पास स्थित एक रुई की दुकान में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में दुकान में रखा रजाई, गादी और रुई का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
इस हादसे में दुकान संचालक और मशीन चालक जुल्फिकार मंसूरी आग की चपेट में आकर झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुकान संचालक के अनुसार रुई मशीन सामान्य रूप से काम कर रही थी, तभी मशीन में कंकड़ फंसने से चिंगारी निकल गई और रुई ने तुरंत आग पकड़ ली। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई देने लगा और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि तब तक दुकान में रखा लगभग साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



.jpg)








.jpg)
