इंदौर, 07 मई।
इंदौर जिले के सांवेर-उज्जैन मार्ग पर गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़े तीन संदिग्ध बैगों से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना सामने आई। मौके पर जांच के दौरान पुलिस ने बैगों से 500 रुपये के नोटों की 566 गड्डियां बरामद कीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये बताई जा रही है।
ग्रामीण थाना पुलिस को सुबह लगभग 10 बजे एक किसान द्वारा इन बैगों की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैगों की जांच शुरू की गई, जिसमें ऊपर और नीचे नोटों की गड्डियां रखी मिलीं।
जांच के दौरान सामने आया कि करीब 130 से अधिक गड्डियों में ऊपर लगे नोट असली जैसे प्रतीत हो रहे थे, जबकि अंदर के हिस्सों में रंगीन कागज भरे हुए पाए गए, जिससे नकली नोटों की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि कुछ नोट असली हो सकते हैं, जबकि बाकी गड्डियों में कागज या नकली नोट होने की संभावना है। इसकी पुष्टि के लिए विशेषज्ञों और बैंक अधिकारियों की सहायता ली जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और संदिग्ध सामग्री से भरे बैग हाईवे पर किसने और किस उद्देश्य से छोड़े। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और मामले को संभावित धोखाधड़ी या अवैध लेन-देन से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



.jpg)








.jpg)
