राजगढ़, 13 अप्रैल।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत सोमवार को सियाचिन दिवस एवं नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का संयुक्त और गरिमामय आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना और महिला सशक्तिकरण के महत्व को समझाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सियाचिन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई, जिसमें 13 अप्रैल 1984 को भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए ऐतिहासिक ऑपरेशन मेघदूत को स्मरण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को सियाचिन ग्लेशियर की कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों के साहस, पराक्रम और बलिदान की जानकारी दी गई, जिससे उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक मजबूत हुई।
इस अवसर पर एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसने छात्रों के बीच देशभक्ति की भावना को और अधिक गहराई प्रदान की। इसके बाद नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
संबोधन में उन्होंने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका तथा समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी पर विशेष जोर दिया। विद्यार्थियों और स्टाफ ने इस संदेश को गंभीरता से सुना और इसे अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे ने की। उन्होंने कहा कि सियाचिन दिवस हमें देश के वीर सैनिकों के अद्वितीय समर्पण की याद दिलाता है और उनके त्याग को सदैव प्रेरणा के रूप में स्मरण करना चाहिए।







.jpg)



