देहरादून, 08 जून।
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मक्कावाला क्षेत्र में पौधारोपण किया। शहीद दुर्गामल्ल मण्डल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत फलदार पौधा रोपित कर प्रकृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण आज के दौर की अनिवार्य आवश्यकता है और वृक्षारोपण इस लक्ष्य को प्राप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस अभियान को मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का एक अनूठा संगम बताया और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
गणेश जोशी ने आगे कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ ही भविष्य की पीढ़ियों को एक स्वस्थ, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर शहीद दुर्गामल्ल मण्डल के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भी एक साथ मिलकर पौधारोपण किया। कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, जिला उद्यान अधिकारी डी.के. तिवारी, लक्ष्मण सिंह रावत, मोहित खरोला और सुंदर सिंह कोठाल सहित कई गणमान्य लोग एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















