देहरादून, 17 जून।
आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी (नीट यूजी) परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तराखंड परिवहन विभाग ने एक बड़ी और राहत भरी घोषणा की है। इस परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा इस जनकल्याणकारी निर्णय के आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
परिवहन विभाग के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने इस विशेष योजना के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि मुफ्त बस सेवा का लाभ उठाने के लिए परीक्षार्थियों को बस में सफर के दौरान अपने नीट यूजी प्रवेश पत्र की ऑरिजनल कॉपी परिचालक (कंडक्टर) को दिखानी होगी। इसके साथ ही, अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड की एक फोटोकॉपी भी अनिवार्य रूप से परिचालक के पास जमा करानी होगी, जिसे रिकॉर्ड के तौर पर रखा जाएगा। सरकार के इस कदम से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले हजारों विद्यार्थियों को परीक्षा के दिन काफी सहूलियत मिलेगी।















