धेमाजी, 29 जून।
असम के धेमाजी जिले के जोनाई क्षेत्र में डिकारी नदी के जलस्तर में हुई अचानक वृद्धि ने गंभीर बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी का पानी रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे चिंताजनक स्थिति तेलम के कोराइबारी चर (नदी टापू) पर बनी है, जहां 15 से अधिक निवासी और लगभग 100 मवेशी बाढ़ के पानी में फंस गए हैं।
नदी की तेज धारा और जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण फंसे हुए लोगों का संपर्क मुख्य भूमि से पूरी तरह टूट गया है। जोनाई के अन्य निचले इलाकों में भी सड़कों और खेतों के जलमग्न होने से कई गांवों का आवागमन बाधित हो गया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर जिला प्रशासन ने आपातकालीन सक्रियता दिखाते हुए बचाव कार्य की तैयारी शुरू कर दी है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम को तैनात किया जा रहा है।
प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले निवासियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि बचाव कार्य की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन नदी के उफनते वेग के कारण बचाव दल के सामने चुनौतियां बनी हुई हैं। अधिकारी लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं और फंसे हुए परिवारों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
















