कोलकाता, 30 जून।
मुर्शिदाबाद के नाओदा से विधायक हुमायूं कबीर द्वारा कथित तौर पर दिए गए विवादित बयान मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले में उनकी सभा के तीन आयोजकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा विधानसभा में दी गई कड़ी चेतावनी के चंद घंटों के भीतर ही पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गोलाम मुस्तफा, मोहम्मद अमीनुल हक और अनिसुर रहमान के रूप में हुई है। सोमवार रात को पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में इन तीनों को हिरासत में लिया। हुमायूं कबीर पर मुर्शिदाबाद के रेजीनगर और शक्तिपुर में आयोजित सभाओं के दौरान भड़काऊ टिप्पणियां करने का आरोप है, जिसके चलते वहां के थानों में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
विधानसभा में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि कानून का राज स्थापित करने के लिए भड़काऊ बयान देने वालों और उन्हें मंच देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों के साथ-साथ विधायक के खिलाफ भी कानून सम्मत कदम उठाने के संकेत दिए थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गोलाम मुस्तफा ने ही सभा के आयोजन के लिए अनुमति लेने की प्रक्रिया पूरी की थी। मुस्तफा आम जनता उन्नयन पार्टी के काशीपुर दो क्षेत्र के अध्यक्ष हैं, जबकि अनिसुर रहमान बेलडांगा दो नंबर ब्लॉक के पार्टी संयोजक हैं। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की सघन जांच जारी है।
















