पुरुलिया, 30 जून।
पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिलाओं की पहचान रामकली देवी सिंह (29) और राप्ती देवी सिंह (39) के रूप में हुई है, जो पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र की निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम जब पुलिस टीम प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर गश्त कर रही थी, तब उनकी नजर स्टेशन की बेंच पर बैठी इन दोनों महिलाओं पर पड़ी। उनके पास रखे दो सफेद प्लास्टिक बैगों को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। महिला कांस्टेबल की उपस्थिति में तलाशी लेने पर बैग से कुल 15 मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान, आरोपित महिलाएं इन मोबाइल फोन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सकीं। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि उन्होंने ये मोबाइल अलग-अलग चलती ट्रेनों में यात्रियों से चोरी किए थे और इन्हें बेचने की फिराक में थीं।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए और उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुरुलिया जीआरपी थाना में मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।
















